×

चुनाव से पहले 41 हजार शिक्षकों की भर्ती करेगी मध्यप्रदेश सरकार

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: Digital Desk                                                                         Views: 17843

Bhopal: 20 नवम्बर 2016, मध्यप्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव 2018 से पूर्व अपना एक वादा निभाने को आतुर है, जिसमें शिक्षकों की कमी दूर करने के लिये 41 हजार शिक्षक मार्च 2017 तक भर्ती करने की तैयारी में जुट गई है। सूत्रों ने बताया कि शहडोल, नेपानगर उप चुनाव के बाद किसी भी वक्त सरकार एक्जामीनेशन बोर्ड को तारीखें तय करने का आदेश दे देगी।



प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी स्कूलों को 41 हजार 205 शिक्षक मिले जाएंगे। राज्य सरकार मार्च 2017 से संविदा शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। इसके नियम तैयार हो चुके हैं। शहडोल-नेपानगर उपचुनाव के बाद होने वाली बैबिनेट की बैठक में नियमों पर मुहर लग सकती है, वहीं सरकार की तैयारी को देखते हुए प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) ने भर्ती परीक्षा की संभावित तारीखें घोषित कर दी हैं।



स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के मुताबिक कैबिनेट इसी साल भर्ती नियमों पर मुहर लगाएगी और नियम पीईबी को भेज दिए जाएंगे। आॅनलाइन परीक्षा होने से पीईबी को इंतजाम करने में चार से पांच माह लग सकता है। हालांकि रिजल्ट में देरी नहीं होगी। तीनों वर्ग की परीक्षा में 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के शामिल होने की संभावना है। आरटीई के मापदंडों के मुताबिक प्रदेश के 1.23 लाख सरकारी स्कूलों में 47 हजार शिक्षकों की कमी है। इसमें 35 छात्रों पर एक शिक्षक का प्रावधान है। कमी होने से अंग्रेजी, गणित आदि विषयों का रिजल्ट खराब हो रहा है। वर्ष 2013 में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले सरकार ने शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन निःशक्तों को आरक्षण का प्रावधान नहीं था। इसलिए प्रक्रिया बीच में ही रोकनी पड़ी थी।



36 हजार से बढ़कर 41 हजार हो गई संख्या: तीन सालों में संविदा शिक्षकों की भर्ती न होने के बीच रिक्त पदों की संख्या 36 से बढ़कर 41 हजार हो गई। वर्ष 2013 में स्कूल शिक्षा विभाग ने 36 हजार शिक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा था । वित्त ने सरकार की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर सिर्फ 18 हजार शिक्षकों की भर्ती की सलाह दी थी। 2016 में फिर से प्रस्ताव तैयार हुआ, तब तक 41 हजार से ज्यादा पद खाली हो गए।



किस वर्ग की परीक्षा कब: पीईबी ने भी संविदा शाला शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर ली है। बोर्ड ने वर्ष 2017 के शेड्यूल में तीनों वर्ग की परीक्षा को रखा है। शेड्यूल के मुताबिक वर्ग-एक की परीक्षा 27 से 29 मई, वर्ग-दो की परीक्षा 19 से 23 अगस्त के मध्य होगी।

श्री दीपक जोशी, राज्यमंत्री, स्कूल शिक्षा विभाग का कहना है कि शिक्षकों की भर्ती जल्द कराई जाएगी। भर्ती नियम फाइल हो रही है। कैबिनेट से स्वीकृति मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर देंगे।





- डाॅ. नवीन आनंद जोशी

Related News

Latest News

Global News