×

कमलनाथ सरकार के नदी संरक्षण से नाखुश दिग्विजय सिंह

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 1007

Bhopal: निजी नर्मदा संरक्षण ट्रस्ट बना रहे,

संघ के अनिल माधव को बनाया आइडियल



27 मार्च 2019। दिग्गी राजा अपने ही राज्य के मुख्यमंत्री कमलनाथ के सरकार के कामकाज से नाखुश दिख रहे हैं, यही वजह है कि नर्मदा को लेकर एक नया पारिवारिक ट्रस्ट के गठन की तैयारी कर रहे है। इसके लिए उन्होंने संघ प्रचारक रहे पूर्व मंत्री स्व अनिल माधव दवे को भी कॉपी किया है और उनके ट्रस्ट के बायलॉज को मॉडल बनाया है।



प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ मिल कर भाजपा के स्वर्गीय अनिल माधव के नर्मदा समग्र ट्रस्ट की तर्ज पर अपना निजी ट्रस्ट बनाया है जिसका नाम मां नर्मदा संरक्षण न्यास दिया गया है। इस नवगठित ट्रस्ट में सिर्फ दो ही ट्रस्टी हैं, एक- दिग्विजय सिंह पुत्र स्वर्गीय श्री बलभद्र सिंह तथा श्रीमती अमृता राय पत्नी दिग्विजय सिंह।

इसे नवगठित ट्रस्ट के दो पते दिये गये हैं। पहला दोनों ट्रस्टियों के निवास का पता 64 लोधी स्टेट नई दिल्ली-3 एवं ट्रस्ट के कार्यालय का पता 96 अनंत हाउस मालवीय नगर तहसील हुजूर जिला भोपाल। इसे मप्र लोक न्यास अधिनियम 1951 के तहत गठित किया गया है। इस हेतु आवेदन भोपाल कलेक्टर कार्यालय में लोक न्यास के रजिस्ट्रार संजय कुमार श्रीवास्तव को दिया गया है। ट्रस्ट के गठन की कार्यवाही प्रारंभ हो चुकी है।



उल्लेखनीय है कि भाजपा के स्वर्गीय अनिल माधव दवे ने नर्मदा समग्र नाम से भोपाल में ट्रस्ट बनाया था जो आज भी संचालित है। नर्मदा समग्र ट्रस्ट का भोपाल के शिवाजी नगर में नदिया का घर नामक एक भवन भी है। इस ट्रस्ट ने शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में अनेक कार्यक्रम कराये हैं जिनमें एक अंतर्राष्ट्रीय नदी महोत्सव भी शामिल है जिसे दो-तीन साल के अंतराल से होशंगाबाद जिले में बान्द्राभान स्थित नर्मदा नदी पर आयोजित किया गया। इस ट्रस्ट ने नर्मदा नदी पर अनेक अध्ययन भी किये हुये हैं।

अब चूंकि अनिल दवे केंद्रीय पर्यावरण मंत्री रहते दिवंगत हो चुके हैं तथा राज्य में भाजपा की सरकार हट चुकी है और कांग्रेस की सरकार बन गई है।, इसलिये अब उसी तर्ज पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नया ट्रस्ट बना लिया है। इसकी अभी चल एवं अचल सम्पत्ति नहीं दर्शाई गई है।



उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कांग्रेस के वचन-पत्र के पालन में मां नर्मदा, मां क्षिप्रा एवं मांग मंदाकिनी नदी शासकीय ट्रस्ट भी गठित कर लिया है जिसके अध्यक्ष नामदेव दास त्यागी उर्फ कम्प्यूटर बाबा निवासी गोमट गिरि आश्रम इंदौर नियुक्त किये गये हैं। चूंकि दिग्विजय सिंह ने विधानसभा चुनावों में पहले निजी हैसियत से अपनी धर्मपत्नी अमृता राय के साथ नर्मदा परिक्रमा की थी, इसीलिये उन्होंने भी नर्मदा नदी के संरक्षण हेतु निजी ट्रस्ट गठित कर लिया है।



विभागीय अधिकारी ने बताया कि दिग्विजय सिंह जी ने मां नर्मदा संरक्षण न्यास पब्लिक ट्रस्ट गठित करने का आवेदन दिया है जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसमें आगे संबंधित पतों का पुलिस द्वारा सत्यापन कराया जायेगा। दो माह की सभी आवश्यक कार्यवाहियां होने के बाद इस ट्रस्ट को विधिवत रुप से पंजीयन कर दिया जायेगा।





(डॉ. नवीन जोशी)

Related News

Latest News

Global News