×

मप्र में चार चरणों में मतदान, पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को, तारीखों का एलान

Location: भोपाल                                                 👤Posted By: prativad                                                                         Views: 2516

भोपाल: 16 मार्च 2024। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। मध्य प्रदेश में चार चरणों में मतदान होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को होगी, जबकि दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। तीसरे चरण में सात और चौथे चरण में 13 मई को वोटिंग होगी। नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव आयोग ने लोकसभा और आंध्र, ओडिशा, अरुणाचल और सिक्किम विधानसभाओं के लिए आगामी चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में होंगे। पहला चरण 19 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव 13 मई को होंगे और अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनाव 19 अप्रैल को होंगे।




47 करोड़ महिला वोटर : मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, 'देश में कुल मतदाता 96.8 करोड़ हैं. जिनमें से 49.7 करोड़ पुरुष और 47 करोड़ महिलाएं हैं... 1.82 करोड़ पहली बार मतदाता इन चुनावों में हैं...'मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि '12 राज्यों में महिला मतदाताओं का अनुपात पुरुष मतदाताओं से ज़्यादा है।'


पहली बार वोट करेंगे 1.8 करोड़ लोग : मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 1.8 करोड़ मतदाता पहली बार वोट करेंगे। 20-29 वर्ष के आयु वर्ग के 19.47 करोड़ मतदाता हैं।

85 साल से अधिक के मतदाता घर से कर सकेंगे वोट : मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, '85 वर्ष से अधिक उम्र के जितने भी मतदाता हैं उनके घर जाकर मतदान करवाया जाएगा... इस बार देश में पहली बार ये व्यवस्था एक साथ लागू होगी कि जो 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता हैं और जिन्हें 40% से अधिक की दिव्यांगता है, उनके पास हम फॉर्म पहुंचाएंगे अगर वो मतदान का ये विकल्प चुनते हैं...'

गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटेंगे : मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का कहना है, 'चुनाव में खून-खराबे और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है...हमें जहां से भी हिंसा की सूचना मिलेगी, हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे...'

Related News

Latest News

Global News