×

वन भूमि पर बने रिसोर्ट की अब संयुक्त जांच होगी

Location: Bhopal                                                 👤Posted By: DD                                                                         Views: 813

Bhopal: भोपाल 16 अक्टूबर 2022। राजधानी भोपाल के समीप रातापानी जंगल क्षेत्र में कोलार डेम के पास स्थित पूर्व मुख्य सचिव एवी सिंह के रिसोर्ट की अब संयुक्त जांच होगी। यह जांच सीहोर जिले का राजस्व एवं वनमंडल कार्यालय संयुक्त रुप से करेगा।
उल्लेखनीय है कि कोलार डेम के निकट पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह का रिसोर्ट बना हुआ है जो वाईल्ड बेरीज रिसोर्ट श्रृंखला के अंतर्गत रातापानी जंगल लॉज के नाम से जाना जाता है। सीहोर वनमंडल ने इस रिसोर्ट को वन भूमि में बना होना पाया है तथा रिसोर्ट को गत जून माह में नोटिस भेज कर कोई भी गैर वानिकी कार्य करने से रोक दिया था। यह नोटिस सीहोर वनमंडल के वीरपुर वन परिक्षेत्र से जारी हुआ था। नोटिस मिलने पर पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह ने वर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को शिकायत की थी कि उनके पास रिसोर्ट की भूमि के स्वामित्व संबंधी सभी राजस्व प्रपत्र हैं। मुख्य सचिव के निर्देश पर वन विभाग ने सीहोर वनमंडल के डीएफओ से जवाब तलब कर लिया था। परन्तु लम्बे समय तक कोई जवाब नहीं आने पर वन विभाग ने स्मरण-पत्र जारी किया। इस पर अब इस मामले में ज्वाईंट इन्स्पेक्शन कराने का निर्णय लिया गया है। हालांकि सीहोर वनमंडल ने यह नोटिस इस आधार पर जारी किया था कि रिसोर्ट की भूमि पहले वन भूमि थी जिसे राजस्व विभाग के खसरे में डाली गई लेकिन नियमानुसार वन भूमि को डिनोटिफाई करने की कार्यवाही नहीं की गई। इसीलिये इस रिसोर्ट पर गैर वानिकी कार्य जिसमें नया निर्माण, वृक्षों का विदोहन आदि पर रोक लगाई गई है। जब तक यह भूमि डिनोटिफाई नहीं होगी तब तक यह वन भूमि ही मानी जायेगी। सीहोर वनमंडल ने यह नोटिस उक्त रिसोर्ट के अलावा वहां के आसपास के काबिज लोगों को भी भेजा हुआ है। फिलहाल इस नोटिस पर कार्यवाही रुकी हुई है।
भोपाल वन वृत्त के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोलार डेम के पास वन भूमि पर रिसोर्ट संबंधी नोटिस के मामले में डीएफओ सीहोर को ज्वाईंट इन्स्पेक्शन कराने के लिये कहा गया है जिसमें वन एवं राजस्व अधिकारी दोनों इसकी जांच करेंगे एवं वस्तुस्थिति से अवगत करायेंगे। जांच रिपोर्ट आने पर इसे वन विभाग को भेजा जायेगा।


- डॉ. नवीन जोशी


Madhya Pradesh, MP News, Madhya Pradesh News, Hindi Samachar, prativad.com

Related News

Latest News

Global News