
16 दिसंबर 2024। मध्य प्रदेश विधानसभा का पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र आज से शुरू हुआ। पहले दिन अमरवाड़ा से भाजपा विधायक कमलेश शाह और बुधनी से विधायक रमाकांत भार्गव ने शपथ ली। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने खाद की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने खाद की खाली बोरियां लहराईं। हंगामे के चलते विधानसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों ने कुल 1,766 प्रश्न पूछे हैं, जिनमें 888 तारांकित और 878 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा, 178 ध्यानाकर्षण, एक स्थगन, 14 अशासकीय संकल्प, और 47 शून्यकाल की सूचनाएं भी प्रस्तुत की गई हैं।
खाद संकट पर नेता प्रतिपक्ष का सवाल
प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद शून्यकाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने खाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने किसानों को खाद नहीं मिलने पर सरकार से जवाब मांगा। सिंघार ने कहा, "सरकार किसानों के लिए खाद उपलब्ध नहीं करा पा रही है।" इस पर अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि चर्चा के लिए विषय निर्धारित है और समय आने पर चर्चा होगी।
वहीं, भाजपा विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "आज के दिन बांग्लादेश का उदय हुआ था। हमारी सेवा ने 93,000 सैनिकों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।"
गलत जानकारी पर कांग्रेस की आपत्ति
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने सदन में गलत जानकारी देने पर आपत्ति जताई। उन्होंने राघोगढ़ में पीजी कोर्स नहीं होने के बावजूद स्नातक कॉलेज में पीजी कोर्स चलाने पर सवाल उठाया। उच्च शिक्षा मंत्री ने इसे स्वीकार करते हुए कहा कि गलती से दूसरे कॉलेज की जानकारी लिखित उत्तर में दी गई है। मंत्री ने कहा कि इस गलती के लिए दो कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगतों को किया याद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में दिवंगत नेताओं और सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भाजपा नेता प्रभात झा, भूतपूर्व सदस्य आरिफ अकील, पूर्व मंत्री नटवर सिंह और जनजातीय कलाकार जोधइया बाई के योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोधइया बाई एक विशिष्ट जनजातीय कलाकार थीं, जिनके चित्रों की प्रदर्शनियां पेरिस सहित कई देशों में लगती रही हैं।
राष्ट्रगान पर भाजपा विधायक का बयान
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने सदन में राष्ट्रगान गाने की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "राष्ट्रगान गाना चाहिए और यह अनिवार्य होना चाहिए।" मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा, "मदरसों के लिए जमीन चाहिए, वजीफा चाहिए, तो राष्ट्रगान भी गाना चाहिए।"
कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन
कांग्रेस विधायक खाद की खाली बोरियां लेकर विधानसभा पहुंचे और गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी करते देखे गए। उन्होंने किसानों को खाद नहीं मिलने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया।
जन विश्वास विधेयक और अन्य प्रस्तावित संशोधन
इस सत्र में सरकार जन विश्वास विधेयक प्रस्तुत करेगी, जिसमें छोटे मामलों में अधिकारियों को अर्थदंड लगाने का अधिकार दिया जाएगा। साथ ही, 2024-25 के लिए 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट और नगर निगम, नगर पालिका अधिनियम में संशोधन विधेयक भी पेश किए जाएंगे।
सरकार नगरीय विकास, पंचायत, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, श्रम और सहकारिता विभागों के अधिनियमों में संशोधन कर रही है। इनमें दो-तीन माह की सजा या जुर्माने के मामलों में समझौते का प्रावधान शामिल किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, नगर निगम और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए तीन वर्ष की कार्यावधि और तीन-चौथाई पार्षदों का समर्थन अनिवार्य करने का संशोधन प्रस्तावित है।
भाजपा के दो विधायकों ने ली शपथ
उपचुनाव में निर्वाचित अमरवाड़ा के भाजपा विधायक कमलेश शाह और बुधनी के विधायक रमाकांत भार्गव ने सत्र के पहले दिन शपथ ली। कमलेश शाह ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था और उपचुनाव में जीत हासिल की थी। वहीं, बुधनी सीट पर उपचुनाव शिवराज सिंह चौहान के विदिशा से सांसद बनने के कारण हुए थे।